चम्पावत में SARRA और 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित; कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश*

चंपावत ,

*चम्पावत में SARRA और 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित; कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश*

जिला स्तरीय कार्यकारी समिति, स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा बैठक का आयोजन जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में अधिशासी अभियन्ता, लघु सिंचाई सह सदस्य सचिव (सारा) श्री विमल कुमार सूंठा द्वारा जनपद में जारी विभिन्न विकास परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत डी०पी०आर० के प्रावधानों के अनुरूप सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। बैठक में अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के 15 जल स्रोतों (चम्पावत विकास खंड में 10 तथा पाटी विकास खंड में 5) के उपचार हेतु डीपीआर स्वीकृत हुई थी, जिसके सापेक्ष आवंटन प्राप्त हो चुका है। इनमें से 10 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पाटी विकास खंड की 5 परियोजनाओं में से 4 का कार्य प्रगति पर है और 1 परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही, ‘एक जनपद-एक नदी’ के तहत चयनित गौड़ी नदी परियोजना की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को बजट का सदुपयोग कर शीघ्र उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में ‘कालसन मोलेस्वर’ परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लघु सिंचाई विभाग को गुणवत्तापूर्ण कार्य सम्पादित कर अवशेष धनराशि जारी करने हेतु प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने पारदर्शिता और डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए निर्देश दिया कि निर्मित सभी संरचनाओं का डेटा अनिवार्य रूप से J.S.J.B.-CTR 3.0 पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इसके अतिरिक्त, परियोजनाओं के स्थलों पर ‘हरित चम्पावत, आदर्श चम्पावत’ नाम से पूर्ण विवरण सहित साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति को समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी धिनो पुरुषोत्तम,जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, जनपद की सारा की टीम सहित अन्य उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *