
चंपावत | अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देहरादून में यूकोस्ट द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
चंपावत जिला मुख्यालय की एपन आर्टिस्ट मोनिका बोहरा को भी एपन कला के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए महिला विज्ञान प्रयोगधर्मी सम्मान से सम्मानित किया गया।
मोनिका बोहरा एक प्रतिभाशाली एपन कलाकार होने के साथ-साथ समाजसेवा में भी सक्रिय हैं। वह पहले ज्येष्ठ उप प्रमुख के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं।
उनकी एपन कला आज पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी अपनी अलग पहचान बना चुकी है। होली, दीपावली, करवाचौथ और नवरात्रि जैसे त्योहारों पर वह अपनी खूबसूरत कलाकारी से लोगों का ध्यान आकर्षित करती हैं।
मोनिका बोहरा के सम्मानित होने पर चंपावत क्षेत्र के विभिन्न महिला समूहों और अन्य महिलाओं ने खुशी जाहिर की।


