माननीय अध्यक्ष/जिला जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत श्री अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत श्री भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में जिला न्यायालय परिसर चम्पावत एवं बाह्य न्यायालय टनकपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला बार संघ चम्पावत तथा तहसील बार संघ टनकपुर के अधिवक्तागण, नामित सदस्यगण, पैनल अधिवक्तागण, बैंक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया तथा आपसी सहमति से मामलों के त्वरित निस्तारण का लाभ उठाया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के अंतर्गत प्रथम पीठ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चम्पावत द्वारा जिला न्यायालय चम्पावत में कुल 35 वादों का निस्तारण करते हुए ₹19,26,600 का सेटलमेंट कराया गया।
वहीं द्वितीय पीठ, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) टनकपुर के न्यायालय द्वारा 24 वादों का निस्तारण करते हुए ₹26,36,750 का सेटलमेंट किया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद चम्पावत के समस्त न्यायालयों में प्री-लिटिगेशन स्तर पर मनी रिकवरी से संबंधित 42 वादों का निस्तारण कर ₹39,38,778 की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।
इस प्रकार जनपद चम्पावत के समस्त न्यायालयों में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कुल 101 वादों का सफल निस्तारण करते हुए ₹85,02,128 की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वादों का त्वरित, सरल एवं आपसी सहमति से निस्तारण होने से वादकारियों को समय एवं धन की बचत के साथ-साथ त्वरित न्याय प्राप्त हुआ।


