ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती, ₹60.20 लाख से बनेगा सी.सी. मार्ग; प्रथम किश्त ₹36.12 लाख जारी
जनपद चम्पावत में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार निरंतर कार्यरत है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-76/2026 के तहत ग्राम पंचायत हौली पिपलाटी से ज्योसुड़ा तोक तक सी.सी. सड़क निर्माण हेतु ₹60.20 लाख की कुल लागत स्वीकृत की गई है।
इस परियोजना के अंतर्गत शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम किश्त के रूप में कुल स्वीकृत धनराशि का 60 प्रतिशत, अर्थात ₹36.12 लाख अवमुक्त कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मार्ग निर्माण कार्य क्षेत्रीय आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा स्वीकृत धनराशि का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने हेतु कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा।

