जनगणना-2027 की तैयारी तेज: 25 अप्रैल से शुरू होगा मकान सूचीकरण, 10 अप्रैल से स्व-गणना का अवसर

भारत की आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—का कार्य उत्तराखण्ड राज्य सहित जनपद चम्पावत में व्यापक स्तर पर प्रारंभ होने जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।

जनपद में स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक संचालित की जाएगी, जबकि प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर गणना का कार्य 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार भारत सरकार द्वारा नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके अंतर्गत नागरिक प्रगणक के आगमन से पूर्व ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे समय की बचत के साथ-साथ आंकड़ों की सटीकता भी सुनिश्चित होगी।

इच्छुक नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन, कैप्चा भरकर पंजीकरण, मोबाइल नंबर एवं ओटीपी सत्यापन, जिला एवं पिन कोड की जानकारी, मानचित्र पर निवास स्थान का चयन तथा प्रश्नावली भरकर अपनी जानकारी सबमिट कर सकते हैं।

इसके उपरांत प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जब प्रगणक घर-घर सर्वेक्षण हेतु पहुंचेंगे, तब नागरिकों को अपनी SE ID उपलब्ध करानी होगी, जिससे उनके द्वारा भरी गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके। जो नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनकी जानकारी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर संकलित की जाएगी।

उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण तथा समग्र विकास की आधारशिला होते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से सही एवं पूर्ण जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *