ढकना–बडोला सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर, मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने को विभाग प्रतिबद्ध

ढकना–बडोला सड़क को मानकानुसार बनाने हेतु कार्य गतिमान

जनपद चंपावत के ढकना–बडोला क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर विभाग ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि समस्त कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप चरणबद्ध ढंग से प्रगति पर है तथा अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं जारी हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कनिष्ठ अभियंता पंकज टम्टा ने बताया कि लगभग 41.25 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रही 700 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण गुणवत्ता के साथ तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि निर्माण प्रक्रिया के तहत जी-2 एवं जी-3 स्तर के बेस कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त प्राइम कोट सहित प्रारंभिक तकनीकी चरण भी संपन्न किए जा चुके थे, जिससे सड़क की आधारभूत संरचना को मजबूत किया गया है।

कनिष्ठ अभियंता ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में अत्यधिक ठंड, पाले तथा वर्षा के कारण कार्य रोका गया था व कुछ स्थलों पर आंशिक रूप से पैच उखड़ने की स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में डामर की पकड़ प्रभावित होना एक सामान्य तकनीकी स्थिति है, जिसे अंतिम परतों के कार्य के दौरान पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाता है।

उन्होंने आगे बताया कि सड़क को अंतिम रूप देने हेतु टैक कोट, बिटुमिन सरफेस कोट एवं सील कोट का कार्य किया जाना है, जो सड़क की सतह को मजबूत, समतल एवं दीर्घकालिक टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क पूरी तरह मानकानुसार एवं सुरक्षित उपयोग के लिए तैयार हो जाएगी।

वर्तमान प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आज स्थल पर सड़क की सतह को बेहतर बनाने के लिए झाड़ू लगाकर सफाई का कार्य किया जा रहा है, ताकि आगामी तकनीकी परतों का कार्य सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न किया जा सके।

विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्माण कार्य की प्रत्येक चरण में नियमित निगरानी की जा रही है तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और मानकों का परीक्षण किया जा रहा है।

विभाग का लक्ष्य आगामी 15 दिनों के भीतर समस्त कार्यों को पूर्ण कर सड़क को पूर्णतः सुरक्षित, टिकाऊ एवं मानकानुसार उपयोग हेतु आम जनता को समर्पित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *