चंपावत। जिले के लोहाघाट क्षेत्र में फायर यूनिट की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। 25 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 8:30 बजे फायर स्टेशन लोहाघाट को सूचना मिली कि ग्राम ईजड़ा, बाराकोट के समीप जंगल में आग लगी है, जो तेजी से गांव की ओर बढ़ रही है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन लोहाघाट की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर फायर टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से गांव तक पहुंचने से पहले ही स्थिति नियंत्रित कर ली गई और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
फायर यूनिट की इस मुस्तैदी से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी संपत्ति क्षति नहीं हुई।
चंपावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जंगलों में आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत नजदीकी फायर स्टेशन या आपातकालीन सेवा को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


