चम्पावत में रोजगार का सुनहरा अवसर ब्लॉक स्तर पर

सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए ब्लॉक स्तर पर लगेंगे कैंप

चम्पावत जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है। भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद के सौजन्य से तथा एसआईएस इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में सुरक्षा सैनिक, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी पदों के लिए भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इस भर्ती अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। भर्ती शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होंगे, जहां योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। सुरक्षा जवान पद के लिए अभ्यर्थी का 10वीं पास होना, आयु 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर होना आवश्यक है। वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर पद के लिए 12वीं पास, आयु 21 से 40 वर्ष और न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।

आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं की मार्कशीट एवं आधार कार्ड की फोटो कॉपी के साथ उपस्थित होना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को देहरादून स्थित प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में नियुक्ति प्रदान की जाएगी।

कंपनी के अनुसार चयनित कर्मियों को वेतन के साथ पीएफ, ग्रेच्युटी, ईएसआई, बीमा, पेंशन सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

भर्ती शिविर की तिथियां इस प्रकार हैं—

  • बाराकोट विकास खण्ड – 19 एवं 20 जून 2026
  • पाटी विकास खण्ड – 22 एवं 23 जून 2026
  • लोहाघाट विकास खण्ड – 24 एवं 25 जून 2026
  • जिला सेवायोजन कार्यालय – 27 एवं 29 जून 2026
    मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी विकास खण्ड अधिकारियों को भर्ती शिविरों के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 7830225134 अथवा 7905086105 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *