भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण और डिजिटलाइजेशन कार्य तेज

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरी गति के साथ चल रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान के अंतर्गत फील्ड से एकत्र किए गए सभी प्रपत्रों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीड करने के लिए बीएलओ, ईआरओ (ERO) और एईआरओ (AERO) द्वारा डिजिटलाइजेशन का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर डेटा एंट्री और तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि मतदाता सूची से संबंधित हर आंकड़े को डिजिटल रूप से सुरक्षित और अपडेट किया जा सके।
इसी क्रम में जनपद के मतदेय स्थल संख्या 159 पटौली के साथ-साथ बूथ संख्या 69, 94, 95, 96 और नौलापानी स्थित बूथ संख्या 51 में एसआईआर (SIR) गणना प्रपत्रों के अपडेशन और डिजिटलाइजेशन का कार्य सुचारू रूप से संपादित किया गया।

इसके साथ ही बूथ संख्या 123 मनिहार गोठ में भी प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग का कार्य सक्रियता से किया गया है। इन सभी बूथों पर तैनात फील्ड स्टाफ और तकनीकी टीम द्वारा कार्य को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस पूरे अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग का यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और डिजिटल फीडिंग की इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं ताकि जनपद का कोई भी पात्र नागरिक इस प्रक्रिया से न छूटे और तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत सटीक एवं त्रुटिहीन डेटा तैयार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *