चम्पावत। जनपद चम्पावत में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित सीएम हेल्पलाइन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम जनता की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्राप्त शिकायतों को पूरी गंभीरता के साथ लेते हुए उनका संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें, जिससे शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 59 शिकायतें लंबित हैं। इनमें राजस्व विभाग की 9, पुलिस विभाग की 5, सिंचाई विभाग की 5 तथा विद्युत विभाग की 3 शिकायतें शामिल हैं। इनमें एल-1 स्तर पर 50 तथा एल-2 स्तर पर 9 शिकायतें लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
“चम्पावत में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया है कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आखिर कितनी शिकायतें अभी भी लंबित हैं और अधिकारियों को क्या निर्देश दिए गए, देखिए यह खास रिपोर्ट।”

