“चम्पावत को मिलेगा उड़ान का नया आसमान!”

डाडा ककनई बनेगा उत्तराखंड का नया पैराग्लाइडिंग हब

धामी सरकार की बड़ी सौगात, 2.77 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

चम्पावत। उत्तराखंड के सीमांत जनपद चम्पावत को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच को साकार करते हुए डाडा ककनई क्षेत्र को पैराग्लाइडिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने 2 करोड़ 77 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह परियोजना न केवल पर्यटन को नई पहचान देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार भी खोलेगी।

मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या-231/2026 के तहत स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ दस लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है। परियोजना के अंतर्गत डाडा ककनई क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के संचालन हेतु टेकऑफ और लैंडिंग साइट, पर्यटक सुविधाएं तथा आवश्यक आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि चम्पावत में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इन्हें धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डाडा ककनई परियोजना स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बनेगी तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। परियोजना का क्रियान्वयन कुमाऊँ मण्डल विकास निगम के माध्यम से किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण के अनुरूप संपादित किए जाएंगे।

साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला परीक्षण सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच उड़ान भरते रंग-बिरंगे पैराग्लाइडर अब डाडा ककनई की नई पहचान बन सकते हैं। परियोजना के पूर्ण होने के बाद चम्पावत साहसिक पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *