चम्पावत,
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में चम्पावत में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के मार्गदर्शन में बालेश्वर कृषक उत्पादक संघ (एफपीओ) की प्रथम वार्षिक आम सभा (एजीएम) का सफल आयोजन ब्लॉक सभागार चम्पावत में किया गया। आम सभा में नए संचालक मंडल का गठन किया गया, जिसमें पुष्पा जोशी को सर्वसम्मति से संघ का नया अध्यक्ष चुना गया।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़ने के बाद ग्रामीण महिलाओं में सामाजिक और आर्थिक जागरूकता तेजी से बढ़ी है। महिलाएं अब स्वरोजगार, उद्यमिता और सामुदायिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष रेखा गहतोड़ी ने संघ की वार्षिक प्रगति और वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं सचिव प्रिया पंत ने ऑडिट, टर्नओवर और लाभांश से संबंधित जानकारी साझा की।आम सभा में सर्वसम्मति से 9 सदस्यीय संचालक मंडल का गठन किया गया। इसके बाद हुए चयन में पुष्पा जोशी को अध्यक्ष, मंजु ओली को उपाध्यक्ष, लक्ष्मी देवी को सचिव तथा इंद्रा कुल्याल को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही पारदर्शी संचालन के लिए तीन सदस्यीय मध्यस्थता एवं लेखा उपसमिति का भी गठन किया गया।जिला परियोजना प्रबंधक ममराज सिंह चौहान ने व्यवसायिक गतिविधियों को गति देकर संघ को लाभकारी संस्था बनाने और भविष्य में शेयरधारकों को लाभांश उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं बालेश्वर कृषक उत्पादक संघ के सीईओ प्रकाश पाठक ने स्वायत्त सहकारिता अधिनियम के तहत आम सभा की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।कार्यक्रम के दौरान सहायक प्रबंधक सचिन चंखवान ने नवगठित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने बालेश्वर एफपीओ से जुड़ी 20 प्राथमिक सहकारिताओं के अध्यक्षों को शेयर धन प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।कार्यक्रम में ग्रामोत्थान परियोजना के अधिकारियों, ब्लॉक मिशन प्रबंधकों, बैंक प्रतिनिधियों, उद्यमिता विकास टीम, संघ स्टाफ तथा प्राथमिक सहकारिताओं के अध्यक्षों सहित कुल 82 सदस्यों ने भाग लिया।”चम्पावत से बड़ी खबर… ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को मिली नई रफ्तार। बालेश्वर कृषक उत्पादक संघ की पहली वार्षिक आम सभा में नए नेतृत्व का चयन हुआ और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को और मजबूत किया गया।”
kamal bhandari editor in chief ।

