टनकपुर में पीएम विश्वकर्मा योजना पर जागरूकता शिविर, 250 से अधिक कारीगरों को मिला मार्गदर्शन

जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल के तहत जनपद चम्पावत में आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को सशक्त बनाने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास विभाग द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन टनकपुर स्थित AKIT परिसर में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें अधिक से अधिक पंजीकरण के लिए प्रेरित करना रहा।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने उपस्थित लाभार्थियों को योजनाओं, तकनीकी पहलुओं एवं उद्यमिता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी।

इस अवसर पर AKIT के निदेशक एच.एल. मंडोरिया ने प्रतिभागियों को सफल उद्यमिता के लिए आवश्यक कौशल, नवाचार और बाजार से जुड़ाव के महत्व से अवगत कराया। सहायक आयुक्त राज्य कर अखिलेश कुमार ने जीएसटी से संबंधित प्रक्रियाओं एवं लाभों को सरल भाषा में समझाया।

जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पन्त ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला।

आरबीआई के विश्व दीपक ने कारीगरों को मार्केटिंग सपोर्ट, वित्तीय समावेशन एवं डिजिटल भुगतान की बारीकियों से परिचित कराया। वहीं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय हल्द्वानी के सहायक निदेशक विनोद कुमार ने प्रतिभागियों की समस्याओं का समाधान करते हुए उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। डीपीएमयू पीएम विश्वकर्मा योगेश मेलकानी ने भी लाभार्थियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम में लगभग 250 से अधिक विश्वकर्मा लाभार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *