पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने खिलाड़ियों से की आवेदन हेतु अपील
खेल निदेशालय, उत्तराखण्ड, देहरादून द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित करने वाले राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों हेतु आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल, 2025 से 31 मार्च, 2026 के बीच पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ी आगामी 30 अप्रैल, 2026 तक खेल निदेशालय, देहरादून में अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है, जहाँ खिलाड़ी स्वयं उपस्थित होकर या पंजीकृत डाक के माध्यम से किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक अपने दस्तावेज जमा करा सकेंगे।
श्री बिष्ट ने स्पष्ट किया कि आवेदन पत्र के साथ संबंधित खेल संघ की संस्तुति, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य के प्रतिनिधित्व का प्रमाण पत्र और खिलाड़ी व प्रशिक्षक की बैंक पासबुक की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। साथ ही, प्रशिक्षक को 180 दिनों के निरंतर प्रशिक्षण और खिलाड़ी को नशीले पदार्थों के सेवन न करने का शपथ पत्र भी देना होगा। उन्होंने बताया कि पुरस्कार का वितरण शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाएगा।
इस संबंध में किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी अथवा सहायता हेतु इच्छुक अभ्यर्थी जिला क्रीड़ा विभाग चम्पावत से संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि शासन द्वारा किये गए इस प्रयास का लाभ पात्र खिलाड़ियों तक पहुँचाना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने जनपद के सभी पदक विजेता खिलाड़ियों से समय रहते अपने आवेदन पूर्ण कर विभाग में जमा करने का आह्वान किया है।

