जिलाधिकारी ने 38 कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण के लिए गाजियाबाद किया रवाना

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से, जिला योजनान्तर्गत जनपद के सभी विकासखंडों से चयनित प्रगतिशील कृषकों के लिए आयोजित कृषि तकनीकी हस्तांतरण प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कृषकों के दल को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बस स्टेशन चम्पावत से राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती केन्द्र, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 38 प्रगतिशील कृषकों सहित विभागीय अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 एवं 17 मार्च 2026 को राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती केन्द्र, गाजियाबाद में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की नवीनतम तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कृषकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वे अपनी खेती को अधिक उत्पादक, लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल बना सकते हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटने के बाद कृषक इन तकनीकों को अपने क्षेत्रों में अपनाने के साथ-साथ अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, जिला सहायक निबंधक प्रेम प्रकाश, भूमि संरक्षण अधिकारी नारायण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *