जिला पूर्ति अधिकारी ने की अपील—पॉइंट डिलीवरी और होम डिलीवरी व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग

जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने जनपद के समस्त गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए बताया कि वर्तमान में अत्यधिक कॉल वॉल्यूम के कारण ऑनलाइन बुकिंग, डीएसी (DAC) तथा ओटीपी (OTP) जनरेशन की प्रक्रिया में अस्थायी तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इस कारण कई उपभोक्ता गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए सीधे गैस गोदामों पर पहुंच रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

उन्होंने बताया कि गैस गोदामों पर उपभोक्ताओं की अनावश्यक भीड़ के कारण गैस एजेंसियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित पॉइंट डिलीवरी एवं होम डिलीवरी व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इससे उन उपभोक्ताओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जो अपने घर या निर्धारित स्थान पर गैस सिलेंडर की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से गैस गोदामों पर न जाएं। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर ऑफलाइन माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं या तकनीकी समस्या दूर होने पर ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग कर अपने निर्धारित स्थान (घर या पॉइंट) पर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें, जिससे प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *