केंद्रीय औषधि भंडार का औषधि निरीक्षक ने किया गहन निरीक्षण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु जाँच के लिए भेजे नमूने

चंपावत।अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जनपद चम्पावत में औषधियों की गुणवत्ता और उनके सुरक्षित भंडारण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक हर्षिता द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडार का विस्तार से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति की जाने वाली दवाओं की शुद्धता और उनके रखरखाव के मानकों को परखना रहा।
निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक द्वारा स्टोर में भंडारित विभिन्न जीवन रक्षक औषधियों के उचित रखरखाव और दवाओं से संबंधित क्रय बिलों की गहनता से जाँच की गई। उन्होंने मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि औषधियों को उनके निर्धारित तापमान पर ही भंडारित किया जाए ताकि उनकी प्रभावशीलता बनी रहे। साथ ही स्टोर परिसर में साफ़-सफाई का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया। दवाओं की गुणवत्ता की पुष्टि के लिए स्टोर से 10 विभिन्न औषधियों के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण हेतु राजकीय विश्लेषणशाला को प्रेषित किया जा रहा है।
औषधि निरीक्षक ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी भी औषधि की गुणवत्ता या पैकिंग को लेकर कोई संदेह होता है, तो इसकी सूचना तत्काल औषधि नियंत्रण विभाग को दी जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *