सड़क सुरक्षा बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश, स्ट्रीट लाइट व साइनेंज दुरुस्त करने पर जोर

जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आपदा संभावित क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक कार्य प्रारंभ किए जाएं, ताकि बरसात अथवा अन्य आपदा की स्थिति में जनहानि व अवरोध की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे रात्रि के समय यातायात सुरक्षित रह सके।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत सभी सड़कों पर आवश्यक साइनेंज (Signages) लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को मार्ग संबंधी स्पष्ट जानकारी मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद के सभी स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से सत्यापित किए जाएं, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे के वितरण में किसी भी प्रकार की पेंडेंसी न रखी जाए तथा पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आमजन की सहायता के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन एवं आपातकालीन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़कों पर पॉटहोल (गड्ढों) को शीघ्र भरकर सड़कें पॉटहोल-फ्री बनाई जाएं तथा सड़कों के किनारे स्थित खतरनाक पेड़ों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने वन विकास निगम को सड़क किनारे पड़ी लकड़ियों को तत्काल हटाने तथा वन विभाग को सड़क किनारे बाधक पेड़ों को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनपद में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर देवेश चौहान, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंपावत एम सी पलाडिया, लोहाघाट हितेश कांडपाल, सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *