
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के आवंटन के उपलक्ष्य में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा असम के गुवाहाटी स्थित ज्योति-विष्णु अंतर्राष्ट्रीय कला केंद्र, खानापारा से आयोजित कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट जनपद चम्पावत में भी उत्साहपूर्वक देखा गया।
इस अवसर पर जनपद चम्पावत में जिला सभागार, कृषि विज्ञान केंद्र लोहाघाट तथा विकासखंड चम्पावत, पाटी, बाराकोट और लोहाघाट के विकासखंड सभागारों में किसान उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त प्राप्त होने पर कृषकों को बधाई दी तथा कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक सुदृढ़ता और कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी चम्पावत द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए वर्तमान में संचालित एग्रीस्टैक योजना के बारे में भी किसानों को अवगत कराया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा किसानों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित भी किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 450 प्रगतिशील लाभार्थी कृषकों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रगतिशील कृषक मौजूद रहे।


