जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘जन-जन की सरकार-04 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। सोबन सिंह जीना कैंपस में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री (वन एवं पर्यावरण) श्री श्याम नारायण पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक पंकज तिवारी ने विद्यार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, रैम्प योजना, एम.एस.एम.ई.-2023, एक जनपद दो उत्पाद (ODTP), हस्तशिल्प एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण, निर्यात प्रोत्साहन योजना और स्टार्टअप नीति-2023 पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनपद के सफल उद्यमियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला (उद्यमी) बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी श्री आर.के. पंत ने विभाग द्वारा संचालित कौशल विकास योजनाओं, रोजगार पंजीकरण और ऑनलाइन पोर्टल की उपयोगिता समझाई। उन्होंने आगामी 2 अप्रैल 2026 को लोहाघाट में आयोजित होने वाले विशाल रोजगार मेले की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं से इसमें बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। वहीं, आरसेटी निदेशक श्री प्रियांशु मैठाणी ने संस्थान द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में बताया और युवाओं को हुनरमंद बनकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रबंधक पंकज बिष्ट ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु दी जा रही सुविधाओं, डिजिटल मार्केटिंग और उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग के महत्व पर तकनीकी जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि श्री श्याम नारायण पाण्डेय ने अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पिछले 04 वर्षों में उत्तराखंड सरकार द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों और जनपद में हुए विकास कार्यों का विवरण रखा। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर प्रदेश की प्रगति में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजीव पाठक (खादी एवं ग्रामोद्योग) और प्राचार्य रवि शंकर जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सोबन सिंह जीना परिसर के समस्त प्राध्यापक, उद्योग विभाग से विकास नेगी, प्रिया रावत, चंद्रशेखर सहित सेवायोजन और आरसेटी के अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

