जनता मिलन में उमड़ा जनविश्वास, 92 शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश — “जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता” : जिलाधिकारी

जनपद चम्पावत में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं विकास से जुड़ी कुल 92 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्यवाही करते हुए आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम मंगोली की श्रीमती सरोज देवी द्वारा रोजगार की मांग किए जाने पर महिला सहायता समूह के माध्यम से जोड़ते हुए लाइब्रेरी संचालन एवं सेवायोजन विभाग को भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ग्राम बडोली निवासी श्री राजेश थ्वाल द्वारा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर उरेडा को त्वरित कार्यवाही करते हुए सोलर लाइट लगाने हेतु निर्देशित किया गया।

ग्राम रौतेली टम्टा की श्रीमती लीलावती टम्टा के भूमि कटान मुआवजा प्रकरण पर उपजिलाधिकारी को नियमानुसार आख्या प्रस्तुत करते हुए सहायता उपलब्ध करने के निर्देश दिए गए। आधार कार्ड संशोधन संबंधी समस्या पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम कमलेख की श्रीमती उमा देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने हेतु खंड विकास अधिकारी को आवास दिलाने के निर्देश दिए। ग्राम मडलक में पेयजल संकट की शिकायत पर जल संस्थान एवं जल निगम को सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम बिरगुल के श्री शेर सिंह को विकलांग पेंशन हेतु समाज कल्याण अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को पात्रता जांच कर शीघ्र पेंशन से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम ढोलीगांव के श्री हिम्मत सिंह को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु सेवायोजन/कौशल विकास विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम बसौटी माफी की श्रीमती सुनीता जोशी को नंदा गौरा योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया तथा ग्राम मूलाकोट के श्री राम लाल को मत्स्य पालन योजना की जानकारी देकर लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त अन्य नागरिकों द्वारा भी विभिन्न शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई विभागीय कार्यवाही की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जनविश्वास बना रहे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह डिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *