राज्य पुरस्कार से सम्मानित होंगे चम्पावत के दो शिक्षक

चम्पावत। जिले के दो शिक्षकों को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी राज्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के लिए नवीन पंत को माध्यमिक शिक्षा वर्ग और जहीर अब्बास को प्राथमिक शिक्षा वर्ग में चयनित किया गया है।

नवीन पंत वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पल्सां में तैनात हैं और बीते 20 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। वे हर वर्ष शीतकालीन अवकाश के दौरान बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए गणित की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करते हैं। इसके अलावा वह जिला विज्ञान समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

वहीं, जहीर अब्बास प्राथमिक विद्यालय चौड़ाकोट में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं और वर्ष 2012 से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक आठ छात्र राज्य स्तरीय मैथ्स विजार्ड प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं। साथ ही 25 से अधिक छात्रों का चयन राजीव गांधी नवोदय विद्यालय सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है।

दोनों शिक्षकों के चयन पर जिले में खुशी का माहौल है और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *