​मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चम्पावत में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मिली मजबूती

​पाटी तहसील के 08 विद्यालयों के नाम दर्ज होगी भूमि

​मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और राजकीय विद्यालयों की संपत्तियों को व्यवस्थित करने के निर्देशों के अनुपालन में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

जनपद चम्पावत की तहसील पाटी के अंतर्गत राज्य सरकार की भूमि पर निर्मित ऐसे विद्यालय, जिनके नाम पर पूर्व में भूमि अभिलेखों में दर्ज नहीं थी, उन्हें अब विद्यालय परिसर हेतु लोक प्रयोजन के दृष्टिगत ‘विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन’ के नाम हस्तान्तरण की स्वीकृति प्रदान की गई है। ​मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप, बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

आदेश के अनुसार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रक्षादेवी के लिए 0.100 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सांगो के लिए 0.060 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पीपलढींग के लिए 0.058 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय डसियाचामी के लिए 0.080 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवीनडुंगरा के लिए 0.060 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जगाधार के लिए 0.060 हेक्टेयर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चल्थिया के लिए 0.036 हेक्टेयर तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोखरी के लिए 0.185 हेक्टेयर भूमि का हस्तान्तरण किया गया है।

​भूमि हस्तान्तरण की यह प्रक्रिया पूरी होने से इन विद्यालयों के पास अब कानूनी स्वामित्व होगा, जिससे विद्यालय परिसरों में नए भवनों के निर्माण, चहारदीवारी और अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास में तेजी आएगी।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि इस पहल से विद्यालयों के विकास की राह में आ रही प्रशासनिक बाधाएं दूर होंगी। भूमि हस्तांतरण होने से इन समस्त शिक्षण संस्थानों में समस्त बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाना आसान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *