आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण*

चम्पावत,

*आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण*

*गोरल चौड़ मैदान के निकट प्रस्तावित स्ट्रांग रूम का लिया जायजा, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश**निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप समय से पूर्ण हों सभी तैयारियां, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी*आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शुक्रवार को चम्पावत के गोरल चौड़ मैदान के निकट प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित स्थल पर स्ट्रॉन्ग रूम, मतगणना कक्षों एवं निर्वाचन संबंधी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए उपलब्ध स्थान का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना कक्षों के लिए प्रस्तावित स्थान, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित आवागमन की संभावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। साथ ही मतगणना कक्षों में मतगणना टेबलों, कार्मिकों एवं अधिकृत अभिकर्ताओं के बैठने, बैरिकेडिंग तथा सुचारु आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित स्थल का तकनीकी आकलन कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन एवं मतगणना की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश कांडपाल, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *