साईबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बृहस्पतिवार को छतार चम्पावत में उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रायोगिकी परिषद् (यूकॉस्ट) के तत्वाधान में संकल्प फाउण्डेशन द्वारा क्षेत्र के युवाओं के लिए साईबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ. राजेश मठपाल, सीनियर साइंटिस्ट, यूकॉस्ट एवं डॉ. प्रियंका अधिकारी, साइंटिस्ट ऑफिसर, यूकॉस्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं को डिजिटल युग में साईबर अपराधों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रायोगिकी परिषद् (यूकॉस्ट) की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समन्वयक श्री बंशीधर भट्ट द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।
कार्यक्रम में संकल्प फाउण्डेशन के अध्यक्ष श्री अमित जोशी ने सभी प्रतिभागियों से वर्तमान समय में इंटरनेट एवं साईबर सुरक्षा की जानकारी को सभी के लिए आवश्यक बताते हुए इस जानकारी को सभी के साथ साझा करने की अपील की।
कार्यक्रम में साईबर एक्सपर्ट श्री पंकज बोहरा द्वारा साईबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों जैसे – साईबर अपराधों के प्रकार, ऑनलाइन फ्रॉड एवं फिशिंग से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, पासवर्ड सुरक्षा एवं डेटा प्राइवेसी, मोबाइल एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग आदि पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को लाइव डेमो के माध्यम से साईबर सुरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं को समझाया गया तथा हैंड्स-ऑन हैंडलिंग कराकर प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने साईबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका प्रशिक्षक द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथियों को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को लेखन सामग्री (स्टेशनरी) एवं पत्रिका वितरित की गई तथा रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से कार्यक्रम का फीडबैक लिया गया। अधिकांश प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
अन्त में मुख्य अन्वेषक श्री महेन्द्र सिंह बिष्ट द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, रिसोर्स पर्सन एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

इस अवसर पर श्री बृजेश जोशी कोषाध्यक्ष संकल्प फाउण्डेशन, रिसोर्स पर्सन श्री बंशीधर भट्ट, श्री शेखर सिंह, श्री पीयूष तिवारी, साईबर एक्सपर्ट श्री पंकज बोहरा, एस इंस्पेक्टर श्री राजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *