चंपावत। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों में सोमवार को निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी तथा ग्राम प्रधान पार्वती देवी ने विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकें हमारे जीवन की अमूल्य निधि हैं। इनके अध्ययन से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने बच्चों को पाठ्य पुस्तकों के साथ-साथ अन्य पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि उत्तराखण्ड सरकार एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में इस वर्ष सत्र के आरंभ में ही पुस्तकों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
ग्राम प्रधान पार्वती देवी ने नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय रावत ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन और पढ़ने की आदत विकसित करने का आह्वान किया तथा अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नवीन पंत ने किया। इस अवसर पर सुरेश पांडे, एन.डी. जोशी, श्रीमती चंद्रावती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

