अंबेडकर के संघर्ष और संविधान पर अमोडी में संगोष्ठी आयोजित

चंपावत।
जिले के डिग्री कॉलेज अमोडी में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर किया गया।

इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों और समाज में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अंबेडकर ने सामाजिक भेदभाव, विशेष रूप से जातिवाद के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और समाज को समानता का संदेश दिया। साथ ही उपस्थित लोगों ने इन सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय कुमार ने किया। इस अवसर पर संजय कुमार गंगवार, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीमा, राम सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय कुमार ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंबेडकर द्वारा रचित संविधान देश में एकता, अखंडता और समानता का प्रतीक है, जो जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है।

इस दौरान दशरथ बोहरा, दिनेश सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *