चंपावत। जिले के दूरस्थ गांवों आमनी, तामली और पोलप में बुधवार को राजकीय पशु चिकित्सालय की सचल इकाई द्वारा पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 74 पशुओं का उपचार कर आवश्यक औषधियां वितरित की गईं। साथ ही पशुपालकों को विभागीय योजनाओं एवं स्वरोजगार संबंधी जानकारी भी दी गई।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैशाली साह के नेतृत्व में टीम ने पशुओं की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, देखभाल एवं टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया गया।
डॉ. वैशाली साह ने बताया कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जो लोग बैंक से ऋण लेकर पशुपालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाना चाहते हैं, उन्हें विभाग द्वारा प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
शिविर में फार्मेसी अधिकारी कैलाश चंद्र, पशुधन प्रसार अधिकारी अमित पांडे तथा वाहन चालक दिनेश चंद्र भी मौजूद रहे।

