गुलदार हमले में घायल सुरक्षित, प्रशासन की त्वरित सक्रियता से टला बड़ा खतरा। _जिलाधिकारी मनीष कुमार की त्वरित सक्रियता से गुलदार हमले में घायल खतरे से बाहर_

जनपद चम्पावत के बाराकोट ब्लॉक अंतर्गत मऊ (चौमेल) क्षेत्र में गुलदार के हमले में घायल हुई ज्योति को प्रशासन की त्वरित सक्रियता के चलते समय रहते उपचार उपलब्ध कराया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ करते हुए घायल छात्रा को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। बेहतर उपचार हेतु घायल को जिला चिकित्सालय चम्पावत रेफर कर दिया गया है।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार घटना की सूचना मिलते ही उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचे और घायल छात्रा का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।जिलाधिकारी ने छात्रा के परिजनों से भी भेंट कर उन्हें हर संभव चिकित्सीय एवं प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने हेतु तत्काल पिंजरा लगाया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा ग्रामीणों को सतर्क एवं जागरूक किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *