-गांधी चौक में धरना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगें भी उठीं; तीन सूत्रीय मांगों पर आंदोलन की चेतावनी
—
चंपावत के गांधी चौक में कांग्रेस पार्टी ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला आरक्षण कानून को लागू करने, मुख्यमंत्री राहत कोष की जांच और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए गए। चंपावत के गांधी चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण समेत कई मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है और उसके नेता अपनी सीटें छोड़ना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद इसे अब तक लागू नहीं किया गया है
कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी की गई धनराशि के लाभार्थियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की। उनका आरोप है कि डीएम, जिलाध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधियों के नाम पर कोष से धनराशि दी गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

