जनता मिलन कार्यक्रम में 42 शिकायतों का त्वरित निस्तारण

​मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट स्थित सभागार में साप्ताहिक ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों आए 42 समस्याओं का निस्तारण किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतें और किसी भी स्तर पर विलंब न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​जनता मिलन के दौरान ग्राम ढकना बडोला निवासी श्रीमती नारायणी देवी ने विद्युत कनेक्शन और पानी की समस्या रखी, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत एवं जल संस्थान को संयुक्त रूप से त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

इसी क्रम में ग्राम मोराड़ी निवासी पूरन चन्द्र द्वारा पेयजल आपूर्ति की जांच और मानर तल्ला के महेश सिंह बोहरा द्वारा घर-घर जल योजना के तहत पानी न आने की शिकायत पर जल संस्थान व जल निगम को तत्काल वस्तुस्थिति स्पष्ट कर आपूर्ति सुचारू करने को कहा गया।

ग्राम हरम की केसरी देवी ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत सहायता और चैकुनीबोरा की गीता बोहरा ने एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत लाभ की मांग की, जिस पर सीडीओ द्वारा उद्योग और समाज कल्याण विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही कर शिकायतकर्ताओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

​कार्यक्रम में राशन कार्ड संबंधी शिकायतों पर सीडीओ डॉ. खाती ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासनिक समिति की बैठक के माध्यम से पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायत की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड हेतु पात्र लोगों के बीपीएल कार्ड के प्रस्ताव पारित किए जाएं ताकि जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल सके।

कृषि और राजस्व से संबंधित मामलों में, ग्राम सिलिंग की नन्दा देवी की पीएम किसान सम्मान निधि की रुकी हुई किश्त के लिए कृषि विभाग को निर्देशित किया गया। वहीं, ग्राम तल्ला बापरू के श्री गोविंद राम की खाता खतौनी में नाम संशोधन कर उन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने हेतु मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

​इसके अतिरिक्त, श्रीमती सुंदरी देवी ग्राम त्यारसौ की शिकायत का संज्ञान लेते हुए सीडीओ ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को 15 मई तक मृतक आश्रित कोटे के तहत पीआरडी भर्ती हेतु फिजिकल परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश दिए। लोहाघाट की विमला देवी की आवास की मांग पर ग्राम्य विकास विभाग को और जगदीश जोशी के पुत्री के विवाह अनुदान संबंधी आवेदन पर समाज कल्याण विभाग को तत्काल कार्यवाही हेतु आदेशित किया गया।

ग्राम नघान की ईश्वरी देवी द्वारा पेयजल संकट, श्रीमती सुनीता द्वारा ग्राम मड़चमार में सीसी मार्ग निर्माण और श्रीमती किरण देवी द्वारा ग्राम सिलाड़ के बच्चों हेतु स्कूली वाहन की मांग पर भी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

​अन्य शिकायतों में भावना महर द्वारा शौचालय निर्माण, शकुन्तला देवी द्वारा क्षतिग्रस्त मकान के मुआवजे और पदम सिंह द्वारा सिंचाई गूल निर्माण सहित ज्योति देवी, नारायण सिंह, पूजा शर्मा, रवीश चंद्र आदि की शिकायतों पर भी त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *