राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की 12वीं लघु फिल्म प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगा 2 लाख रुपये का पुरस्कार
मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), भारत द्वारा वर्ष 2026 के लिए 12वीं वार्षिक लघु फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी ने बताया कि आयोग ने इस नागरिक-केंद्रित पहल के तहत देशभर के सभी आयु वर्ग के नागरिकों से ऑनलाइन प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं।
वर्ष 2015 में प्रारंभ की गई इस प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज में मानवाधिकारों की संस्कृति को सुदृढ़ करना है। प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित श्रेष्ठ फिल्मों को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली फिल्म को 2 लाख रुपये, द्वितीय स्थान हेतु 1.5 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जूरी की अनुशंसा पर अधिकतम चार फिल्मों को “सर्टिफिकेट ऑफ स्पेशल मेंशन” के साथ प्रत्येक को 50 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार भी दिया जा सकता है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली लघु फिल्मों की अवधि न्यूनतम 3 मिनट एवं अधिकतम 10 मिनट निर्धारित की गई है। प्रतिभागी अपनी फिल्में हिंदी या किसी भी भारतीय भाषा में बना सकते हैं, जिनमें अंग्रेजी उपशीर्षक अनिवार्य होंगे। अंग्रेजी भाषा में निर्मित फिल्मों की प्रविष्टियां भी स्वीकार की जाएंगी।
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 30 जून, 2026 तक गूगल ड्राइव के माध्यम से आयोग की आधिकारिक ईमेल आईडी nhrcshortfilm@gmail.com पर प्रेषित कर सकते हैं।
प्रतियोगिता से संबंधित नियम, शर्तें एवं आवेदन पत्र का प्रारूप आयोग की आधिकारिक वेबसाइट NHRC Official Website पर उपलब्ध है:
जिला प्रशासन द्वारा जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) तथा ग्राम पंचायतों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस रचनात्मक अभियान से जुड़कर मानवाधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी सहभागिता निभा सकें।

