टनकपुर से बड़ी खबर | पेयजल परियोजना को लेकर काम तेज, जनता को अस्थायी परेशानी के बीच राहत के उपाय जारी


टनकपुर। उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी द्वारा नगर में बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। इस परियोजना का क्रियान्वयन ठेकेदार कंपनी M/s SKC-TCP (JV) के माध्यम से किया जा रहा है।
करीब साढ़े तीन साल की अवधि वाली इस परियोजना में से एक वर्ष का कार्य पूरा हो चुका है और फिलहाल काम युद्धस्तर पर जारी है। शुरुआती चरण में सर्वे और डिजाइन जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा चुके हैं, वहीं अब जमीनी स्तर पर टंकियों का निर्माण, नलकूप निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
हालांकि, पाइपलाइन बिछाने के चलते शहर के कुछ हिस्सों में सड़कों की खुदाई और धूल जैसी अस्थायी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लेकिन राहत की बात ये है कि एजेंसी और कार्यदायी संस्था ने इन दिक्कतों को कम करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं—
👉 लोगों की समस्याओं को तुरंत सुनने और समाधान के लिए लगातार जनसंवाद स्थापित किया जा रहा है।
👉 सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए अस्थायी रोड ड्रेसिंग और GSB के माध्यम से वैकल्पिक सड़क निर्माण किया जा रहा है, ताकि गड्ढों और असुविधा को कम किया जा सके।
👉 सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष हाउसकीपिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
👉 धूल से बचाव के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि यह अस्थायी परेशानी भविष्य में बेहतर और सुगम पेयजल सुविधा के लिए जरूरी है।
परियोजना पूरी होने के बाद टनकपुर शहर को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल आपूर्ति का बड़ा लाभ मिलेगा।
फिलहाल, काम जारी है और प्रशासन जनता से सहयोग की अपील कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *