उद्यान विभाग खेतीखान में किसानों को नहीं मिल पा रहे कीटनाशक, खाद के लिए भटक रहे किसान

पहले बीज वितरण में भी झेलनी पड़ी थी परेशानी, अब खाद और कीटनाशक की कमी से बढ़ी चिंता

चंपावत। जिले के पाटी ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र होलीपिपलाटी समेत आसपास की कई ग्राम पंचायतों के किसानों को उद्यान विभाग खेतीखान से समय पर कीटनाशक और खाद नहीं मिल पा रहे हैं। खेती के सीजन में कृषि सामग्री की कमी से किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय कास्तकार भुवन चंद्र ने बताया कि क्षेत्र के किसानों को कीटनाशक और खाद के लिए बार-बार उद्यान विभाग खेतीखान के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन वहां भी पर्याप्त मात्रा में सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि समय पर कीटनाशक नहीं मिलने से फसलों में रोग और कीटों का खतरा बढ़ रहा है, जबकि खाद की कमी से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले बीज वितरण के दौरान भी किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। कई किसानों को समय पर बीज नहीं मिल पाए, जिससे बुवाई कार्य प्रभावित हुआ। अब खाद और कीटनाशक की कमी ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।

ग्रामीण किसानों का कहना है कि दूरस्थ क्षेत्रों में कृषि और उद्यान केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष ऐसी समस्या सामने आती है। किसानों ने प्रशासन और उद्यान विभाग से जल्द समाधान निकालते हुए गांव स्तर पर खाद और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *