जनपद चम्पावत में आम नागरिकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (टाइप-बी) बाराकोट तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (टाइप-ए) पाटी में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि इन केन्द्रों के माध्यम से आमजन को बाजार मूल्य की तुलना में कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक सुलभ एवं किफायती बन सकेगी।
जन औषधि केन्द्र संचालन हेतु आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास डी.फार्मा अथवा बी.फार्मा की योग्यता होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त ऐसे व्यक्ति या संस्थाएं भी आवेदन कर सकती हैं जो खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड से लाइसेंस प्राप्त करने हेतु योग्य फार्मासिस्ट नियुक्त करने की क्षमता रखते हों।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पात्र गैर सरकारी संगठन (एनजीओ), चैरिटेबल संस्थान, ट्रस्ट, सोसायटी तथा स्वयं सहायता समूह भी इस योजना के अंतर्गत आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी पीएमबीआई (PMBI) की आधिकारिक वेबसाइट janaushadhi.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के उपरांत अनुमोदन हेतु प्रार्थना पत्र पंजीकृत डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर दिनांक 29 मई 2026 सायं 5:00 बजे तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, चम्पावत में जमा कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्राप्त आवेदनों को स्वीकार अथवा निरस्त करने का पूर्ण अधिकार चयन समिति के पास सुरक्षित रहेगा तथा समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।

