आगामी मानसून के दृष्टिगत ड्रेन क्लीयरेंस और बुश कटिंग का काम गतिमान
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के ‘आदर्श चंपावत’ के विजन को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर गतिमान है।
चंपावत। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जनपद में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सुरक्षा और सुगमता के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मानसून के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग जैसी सभी सड़क निर्माण एजेंसियों द्वारा कलवर्ट सफाई, नाली सफाई और झाड़ी कटान का कार्य युद्धस्तर पर निरंतर किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) चंपावत द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से सुधारीकरण कार्य चलाए जा रहे हैं। विभाग द्वारा राधा कृष्ण मंदिर एवं भरछाना मार्ग पर जल निकासी को दुरुस्त करने के लिए नालियों की सफाई की गई है और सड़क किनारे उगी झाड़ियों का कटान किया गया है। इसके साथ ही गौड़ी मिलन मुख्य मार्ग पर भी ड्रेन क्लीयरेंस और बुश कटिंग का कार्य सफलतापूर्व संपन्न किया गया है, जिससे मार्ग पर यातायात सुगम हो सके।
लोक निर्माण विभाग चंपावत द्वारा पूल्ड हाउस क्षेत्र में भी जल भराव की समस्या से निपटने के लिए नालियों को साफ करने और सुरक्षा के दृष्टिगत झाड़ियों को हटाने का कार्य प्रमुखता से किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मानसून आगमन से पूर्व सभी संवेदनशील मार्गों पर ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह चालू हालत में होना चाहिए ताकि भारी बारिश के दौरान भी सड़कों को कोई नुकसान न पहुंचे और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन ‘आदर्श चंपावत’ की संकल्पना के अनुरूप जिले की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

