चंपावत में नदी महोत्सव के साथ ‘जल उत्सव सप्ताह’ का समापन

जिलाधिकारी के निर्देश पर गौड़ी नदी क्षेत्र में चला वृहद स्वच्छता अभियान

चंपावत। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के कुशल दिशा-निर्देशानुसार और ‘स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी’ (SARRA) के तत्वाधान में जनपद में चलाए जा रहे जल संरक्षण अभियान एवं जल उत्सव सप्ताह (01 से 15 जून, 2026) का सोमवार को व्यापक स्तर पर नदी महोत्सव के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया।

इस विशेष समापन अवसर पर SARRA मद के अंतर्गत उपचार हेतु चयनित गौड़ी नदी क्षेत्र ताड़केश्वर में एक वृहद स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य नदी के प्राकृतिक स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखना और स्थानीय समुदाय को जल संरक्षण के प्रति सजग करना था।

इस वृहद अभियान के अंतर्गत सीता कुंड से लेकर ताड़केश्वर शवदाह गृह तक सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत नदी तट और आस-पास के क्षेत्रों से कचरा एकत्रित कर व्यापक साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय नागरिकों तथा शीतजल मत्स्य क्षेत्र के कार्मिकों को शुद्ध पेयजल की महत्ता समझाते हुए पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करने, स्रोतों के समीप अनिवार्य रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक जनित प्रदूषण को रोकने के लिए कूड़े के सही निस्तारण हेतु जागरूक किया गया।

इस स्वच्छता अभियान के दौरान लगभग 1.50 क्विंटल प्लास्टिक कचरा और 3.00 क्विंटल गीला कूड़ा एकत्रित कर जिला पंचायत के वाहन के माध्यम से उचित निस्तारण हेतु भेजा गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित माननीय वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति, उत्तराखंड के अध्यक्ष श्री श्याम नारायण पांडेय जी ने गौडी नदी के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को जन-जागरूकता बढ़ाने तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए एक ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए।

वहीं कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी, माननीय मुख्यमंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी ने SARRA के अंतर्गत आयोजित इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने इसे जन-भागीदारी सुनिश्चित करने का एक बेहतरीन माध्यम बताते हुए चंपावत के समस्त नागरिकों से जिले की जीवनदायिनी गौडी नदी के पुनर्जीवन और संरक्षण हेतु आगे आने का आह्वान किया।

साथ ही, 15 दिवसीय विशेष जल संरक्षण सप्ताह के समापन पर इस तरह के पर्यावरण अनुकूल कार्यक्रमों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। इस पुनीत कार्य की ताड़केश्वर मंदिर के पूज्य महंत जी द्वारा भी सराहना की गई तथा क्षेत्र के जागरूक क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री देवेंद्र सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस अभियान में अपना महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान किया।

इस जन-जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम के अवसर पर SARRA के सदस्य सचिव एवं अधिशासी अभियंता (लघु सिंचाई) श्री विमल कुमार सुंठा, वन क्षेत्राधिकारी चंपावत श्री बृजमोहन टम्टा, विकास खंड चंपावत के कार्मिक, SARRA की विशेषज्ञ टीम, वन विभाग की ओर से नमामि गंगे की टीम, जिला पंचायत चम्पावत के समस्त संबंधित कार्मिकों सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्राम प्रधान, सम्मानित जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *