चंपावत आगामी मानसून के दृष्टिगत मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में समीक्षा बैठक संपन्न: तैयारियों को समय से पूर्ण करने और विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
आगामी मानसून-2026 के दृष्टिगत संभावित आपदाओं से निपटने, जनसुविधाओं को सुचारु बनाए रखने तथा विभागीय कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता माननीय मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि श्री दीपक रजवार एवं उपजिलाधिकारी टनकपुर श्री प्रमोद कुमार द्वारा की गई।
बैठक में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा मानसून सत्र को लेकर की गई तैयारियों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी और विधायक प्रतिनिधि द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को पूर्णतः सुचारु बनाया जाए।
इसके साथ ही संवेदनशील तथा जलभराव की संभावना वाले निचले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां आवश्यकतानुसार आरबीएम भरान कराने और सभी छोटे-बड़े नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि जलभराव की स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संभावित आपदा प्रभावित संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए और सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत कार्रवाई के लिए मुस्तैद रहें। इसके अतिरिक्त सभी कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक मशीनरी, संसाधन एवं मानवबल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखते हुए संपूर्ण मानसून अवधि में 24×7 सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया गया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा स्वयं मानसून-2026 की तैयारियों की निरंतर उच्च स्तरीय समीक्षा की जा रही है तथा प्रत्येक विभाग की तैयारियों का नियमित संज्ञान लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि आमजन की सुरक्षा, जनसुविधाओं का निर्बाध संचालन एवं संभावित आपदाओं से प्रभावी बचाव शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी विपरीत परिस्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है, जिसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में तहसीलदार टनकपुर सुश्री पिंकी आर्य, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता (एई) श्री मनोज तिवारी, वन विभाग की एसडीओ सुश्री शालिनी जोशी, विद्युत विभाग के एसडीओ श्री मयंंक भट्ट, जल संस्थान के एसडीओ श्री बीएस कवावी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से श्री जीवन सिंह नेगी तथा श्री शशांक पांडे सहित लोक निर्माण विभाग, रेलवे विभाग, नलकूप विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


