मा. मुख्यमंत्री के त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप दिव्यांगजन को तत्काल व्हीलचेयर व बैसाखी उपलब्ध कराई गई एवं मौके पर 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बने*

चम्पावत,

*जनता मिलन में 96 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर समाधान**जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुये सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 96 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों के माध्यम से मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनता मिलन के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, सुरक्षा दीवार निर्माण, किसान पेंशन, सड़क, पेयजल, भूमि संबंधी प्रकरण, राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा पूर्ति विभाग से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।मा. मुख्यमंत्री के त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप ग्राम बिरगुल निवासी दिव्यांग किशन सिंह को तत्काल समाज कल्याण विभाग के माध्यम से व्हीलचेयर एवं बैसाखी उपलब्ध कराई गई। वहीं जनता मिलन में पहुंचे 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ प्रदान किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम सिमल्टा की किरण देवी को ग्राम पंचायत क्षेत्र में बाघ के हमले के दौरान अपने पिता एवं ग्रामीणों की साहसपूर्वक रक्षा करने के लिए जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।जनता मिलन में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम भैरवां के अनिल सिंह तड़ागी द्वारा किसान पेंशन न मिलने की शिकायत पर मुख्य कृषि अधिकारी को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। ग्राम ठाटा, लोहाघाट निवासी ललित मोहन शर्मा के दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरण में मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसी प्रकार ग्राम चौड़ाराजपुरा निवासी शिवराम द्वारा अपने बच्चे के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को रेडक्रॉस के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।ग्राम प्रधान पुनेठी सृष्टि द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की सुरक्षा दीवार निर्माण, डूंगराबोरा निवासी राजेंद्र सिंह बोहरा द्वारा राशन कार्ड बनाए जाने, क्षतिग्रस्त विद्यालयों की मरम्मत तथा ग्राम मुड़ियानी किस्कोट निवासी बलदेव द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग भी जनता मिलन में रखी गई, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।ग्राम सिलिंगढाक निवासी विमला देवी द्वारा निवास प्रमाण पत्र न बनने की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्राथमिकता के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।इस अवसर पर परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी,एसडीएम बीसी पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

kamal Bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *