चंपावत
*उत्तराखण्ड भाषा संस्थान द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए भाषायी प्रतियोगिताओं का आयोजन, 29 अगस्त तक भेजें प्रविष्टियां*
*भाषायी कौशल दिखाने का सुनहरा मौका: उत्तराखण्ड भाषा संस्थान आयोजित कर रहा है कविता, निबंध और एकांकी प्रतियोगिता*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए अवगत कराया कि उत्तराखण्ड भाषा संस्थान द्वारा युवाओं में राजभाषा हिन्दी, उर्दू, पंजाबी, नेपाली व लोक भाषाओं के प्रति रुचि एवं अनुराग उत्पन्न करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न भाषायी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में राज्य के शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिताओं को दो वर्गों में विभाजित किया गया है, जिसके तहत प्रथम वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कविता लेखन तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं द्वितीय वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कविता लेखन तथा एकांकी लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रथम वर्ग के लिए कविता ‘नदियां तेरा बहना’ या ‘लौट आईं किताबें’ विषय की किसी एक पंक्ति को आधार बनाकर अधिकतम 16 पंक्तियों में तथा निबंध ‘इतना बड़ा आकाश’ या ‘मेरा पसंदीदा विषय’ पर अधिकतम 300 शब्दों में लिखना होगा। द्वितीय वर्ग हेतु कविता ‘पेड़ अगर जो मोह लगाते, फल डालियों पर सड़ जाते’ या ‘कठिनाई की मिट्टी में होता, अंकुरित आत्मविश्वास शौर्य’ विषय पर अधिकतम 24 पंक्तियों में तथा एकांकी ‘ज्ञान की प्यास’ अथवा ‘नदी जो अब भी बहती है’ विषय पर अधिकतम 500 शब्दों में स्वलिखित होनी चाहिए। सभी रचनाएं मौलिक, स्वरचित, स्वहस्ताक्षरित एवं स्पष्ट पठनीय होनी अनिवार्य हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के लिए प्रविष्टियां 29 अगस्त 2026 की सायं 5:00 बजे तक उत्तराखण्ड भाषा संस्थान, 461/1/1 चन्द्रलोक कॉलोनी, राजपुर रोड, देहरादून के कार्यालय में पंजीकृत डाक अथवा किसी भी कार्यदिवस में स्वयं या पत्रवाहक के माध्यम से जमा की जा सकती हैं। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी दूरभाष नंबर 7830005969, 9808871700, 8445425284 या संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.ubs.uk.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को 14 सितम्बर 2026 को हिन्दी दिवस के अवसर पर निर्धारित पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने को कहा गया है।
kamal bhandari editor in chief ।

