चंपावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टनकपुर में एक ही दिन तीन तस्कर गिरफ्तार, शराब व स्मैक बरामद

चंपावत। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंपावत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली टनकपुर पुलिस ने एक ही दिन में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब और स्मैक बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशानुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 मार्च 2026 को क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पहले मामले में पुलिस ने अमन कुमार (26) निवासी नई बस्ती वार्ड नंबर 5, टनकपुर को गिरफ्तार कर उसके पास से 52 पाउच माल्टा मार्क देसी शराब बरामद की। दूसरे मामले में बनवारी लाल (59) निवासी बंगाली कॉलोनी, टनकपुर को 10 क्वार्टर करनाली डीलक्स नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

तीसरे मामले में समीम निवासी इमली पड़ाव, टनकपुर को 4.61 ग्राम अवैध स्मैक के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पूरन तोमर सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *