सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण गौरव जोशी को जिलाधिकारी ने घर जाकर किया सम्मानित

चंपावत जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट रोड, डड़ा बिष्ट निवासी 21 वर्षीय गौरव जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया 114वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने की उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वयं गौरव जोशी के निवास पर पहुंचकर उन्हें तथा उनके माता-पिता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।गौरव जोशी मूल रूप से ग्राम बाराबाटी, नरियाल गांव के निवासी हैं। उनके पिता श्री नारायण दत्त जोशी लोहाघाट में व्यापारी हैं तथा माता श्रीमती मीना जोशी आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ती के रूप में सेवाएं दे रही हैं। साधारण परिवार से आने वाले गौरव ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता प्राप्त की है।गौरव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत से प्राप्त की। वर्तमान में वे सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, चंपावत परिसर (अल्मोड़ा) से स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पूर्व भी वे एनडीए परीक्षा में गांधीनगर से मेरिट सूची में स्थान प्राप्त नहीं कर पाए थे।गौरव का चयन भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के लिए हुआ है, जहां वे प्रशिक्षण के उपरांत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होंगे।इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने गौरव की उपलब्धि को जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है।उन्होंने गौरव को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, अनुशासन एवं संतुलित कार्यशैली के साथ देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया।गौरव जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर समर्थन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *