माँ पूर्णागिरि धाम में चला वृहद स्वच्छता अभियान: मंदिर मार्ग हुआ स्वच्छ व प्लास्टिक मुक्त

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पूर्णागिरि धाम में यात्रा एवं मेला सीजन को दृष्टिगत रखते हुए एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान का उद्देश्य मंदिर परिसर एवं मुख्य मार्ग को स्वच्छ, सुंदर एवं पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाकर श्रद्धालुओं को स्वच्छ और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराना था।

अभियान के अंतर्गत माँ पूर्णागिरि मंदिर के मुख्य पैदल मार्ग, विश्राम स्थलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य किया गया।

इस दौरान कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक अपशिष्ट का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि माँ पूर्णागिरि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था, सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित रूप से निगरानी करते हुए व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाए।

अभियान के दौरान अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा स्थानीय दुकानदारों, तीर्थयात्रियों एवं आमजन से अपील की गई कि वे कूड़ेदानों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करें। उन्होंने सभी से देवभूमि की गरिमा एवं पवित्रता बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *