महिला सशक्तिकरण का मॉडल जिला बना चम्पावत, CLC को मिला राष्ट्रीय सम्मान

चम्पावत नगर आजीविका केन्द्र को मिला स्कॉच अवार्ड 2025, महिलाओं के सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान

चम्पावत I उत्तराखण्ड में महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नगर पालिका परिषद् चम्पावत के नगर आजीविका केन्द्र (CLC) को स्कॉच अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान 31 मार्च 2026 को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नगर पालिका परिषद् चम्पावत की अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय को प्रदान किया गया।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय पहल
नगर आजीविका केन्द्र, चम्पावत राज्य का पहला ऐसा केन्द्र है, जिसे दीनदयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) एवं दीन दयाल जन आजीविका योजना-शहरी (DJAY-S) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहरी गरीब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।

विभिन्न उत्पादन इकाइयों का संचालन
इस केन्द्र के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा कई प्रकार के उत्पादन कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • सॉफ्ट टॉय निर्माण
  • सिलाई एवं वस्त्र निर्माण
  • ऐपण (पारंपरिक कला) उत्पाद
  • खाद्य सामग्री उत्पादन
  • गृह सज्जा उत्पाद
  • ऊनी वस्त्र निर्माण

आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ता कदम
नगर आजीविका केन्द्र के माध्यम से अब तक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगभग 42.7 लाख रुपये का व्यवसाय किया जा चुका है। यह उपलब्धि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

प्रदेश के लिए गौरव का विषय
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए स्कॉच अवार्ड 2025 से सम्मानित होना न केवल नगर पालिका चम्पावत, बल्कि शहरी विकास विभाग उत्तराखण्ड और पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।

यह पहल राज्य में महिला सशक्तिकरण और आजीविका विकास के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *