चम्पावत, 23 अप्रैल 2026 — जनपद में सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन को जागरूक करने के आदेश दिए गए हैं।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह कप्रवाण और प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह विष्ट के नेतृत्व में चौकी चलथी पुलिस टीम द्वारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तालियाबाज और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरा में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
साइबर अपराध से बचाव
कार्यक्रम में बढ़ते साइबर फ्रॉड को लेकर छात्रों को सतर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि फर्जी लोन, टावर लगाने या अधिक पैसा कमाने के लालच देने वाले कॉल और मैसेज से सावधान रहें। किसी भी स्थिति में अपना OTP साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा
महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘गौरा शक्ति ऐप’ और ‘उत्तराखंड पुलिस ऐप’ के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया गया, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियम
सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। वाहन चलाते समय नशा न करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, ओवरलोडिंग से बचने और वाहन की फिटनेस समय-समय पर जांच कराने के निर्देश दिए गए।
सत्यापन और सामाजिक सुरक्षा
सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की गई, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
पुलिस टीम
- SI राकेश कठायत (प्रभारी चौकी चलथी)
- कांस्टेबल गौरव चौधरी (चौकी चलथी)
- कांस्टेबल हरीश जोशी (चौकी चलथी)

