*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने माननीय मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तर पर चयन ट्रायल्स की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। योजना के सफल संचालन और पारदर्शिता के लिए शासनादेशानुसार विभिन्न स्तरों पर विशेषज्ञ चयन ट्रायल्स समितियों का गठन कर दिया गया है। इसके साथ ही जनपद स्तर से चयन ट्रायल्स के लिए उपयुक्त आयोजन स्थलों और तिथियों का निर्धारण भी सुनिश्चित कराया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खेल निदेशालय स्तर से चयन ट्रायल्स की सटीक तिथियों और आयोजन स्थलों के संबंध में एक केन्द्रीकृत विज्ञप्ति जल्द ही प्रकाशित की जाएगी, जिससे सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को समय पर जानकारी मिल सके। इसके अतिरिक्त, योजना के अंतर्गत पारदर्शिता और सुगमता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में प्रतिभाग करने वाले समस्त खिलाड़ियों का पंजीकरण और आवेदन अनिवार्य रूप से Khelouk.in पोर्टल पर ऑनलाइन किया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी पात्र और प्रतिभावान खिलाड़ियों से अपील की है कि वे समय पर इस डिजिटल पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें ताकि वे इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
Kamal bhandari editor in chief ।

