स्वाला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष जोर

स्वाला क्षेत्र में संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों की प्रगति का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य को तीव्र गति से आगे बढ़ाते हुए इसे अप्रैल माह के अंत तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए समय-सीमा का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्र (हिल साइड) में बैंच कटिंग तथा डाउन साइड में सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क की मजबूती एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं होगी।निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *