जिला स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित: स्थानीय संसाधनों पर आधारित रणनीति से स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत में आज जिला सभागार में जिला स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिला उद्योग केंद्र चम्पावत को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों की भौगोलिक एवं आर्थिक विशेषताओं के अनुरूप क्षेत्र आधारित रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए।

विशेष रूप से बाराकोट, मंच, तामली, चुका एवं बूम क्षेत्रों के लिए स्थानीय संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही संबंधित विभागों को वेसाइड एमेनिटीज (Wayside Amenities) विकसित करने के निर्देश दिए गए, जिससे पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

कृषि विभाग को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही, एकीकृत कृषि प्रणाली (Integrated Farming) को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।

उद्यान विभाग को जनपद में कीवी उत्पादन, बड़ी इलायची एवं अन्य मसालों की खेती को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अंगूर एवं सेब जैसे फलों के प्रसंस्करण (Processing) हेतु इकाइयों की स्थापना के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे मूल्य संवर्धन के माध्यम से आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

पशुपालन विभाग को स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत पशुओं के क्रय हेतु ऋण वितरण के लक्ष्यों में वृद्धि करने तथा अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। मत्स्य विभाग को ट्राउट मछली उत्पादन को बढ़ावा देने तथा रेशम विभाग को टसर सिल्क उत्पादन को विकसित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से जनपद में स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध हो सके तथा जनपद की आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, संयुक्त निदेशक उद्योग दीपक मुरारी, प्रबंधक (उद्योग) पंकज तिवारी, प्रबंधक (उद्योग) सुमेधा पंत सहित जनपद के समस्त सहायक प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *