चम्पावत | समग्र शिक्षा अभियान के तहत सत्र 2026-27 के लिए जनपद चम्पावत में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चम्पावत से किया गया। कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी न्याय पंचायतों में समयबद्ध रूप से पुस्तकें पहुंचाने के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनपद के 647 विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे सत्र की शुरुआत में ही सभी छात्रों को पुस्तकें उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा को जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।


