लोहाघाट में आयोजित जनपद स्तरीय कौशलम् एक्सपो-2026 में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, नवाचार और उद्यमशील सोच देखने लायक रही। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोटोटाइप और बिजनेस आइडियाज ने अतिथियों, निर्णायकों और दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
एससीईआरटी उत्तराखंड एवं उद्याम लर्निंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) लोहाघाट द्वारा एक दिवसीय जनपद स्तरीय कौशलम् प्रदर्शनी एक्सपो-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य दिनेश खेतवाल, नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अध्यक्ष गोविंद लाल वर्मा, उद्योग विभाग चम्पावत के महाप्रबंधक पंकज तिवारी, प्रबंधक सुमेधा पंत एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कौशलम् समन्वयक डॉ. कमल गहतोड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष बिजनेस सपोर्ट फंड से सहायतित 17 विद्यालयों ने प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारी प्रोटोटाइप और उद्यमशील उत्पादों का शानदार प्रदर्शन किया।
छात्रों ने केवल अपने उत्पादों की प्रस्तुति ही नहीं दी, बल्कि उन्हें बाजार से जोड़ने के अभिनव तरीकों पर भी प्रभावशाली विचार साझा किए। बच्चों की रचनात्मकता और व्यावसायिक समझ ने उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया।
एक्सपो-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यालयों ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय कौशलम् एक्सपो-2026 के लिए क्वालीफाई किया। वहीं पूरे वर्ष बेहतर कार्य करने वाले आठ उद्यमशील शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
उद्यमशील फाउंडेशन के कुमाऊं प्रभारी तनुज अटवाल ने आगामी सत्र में कौशलम् कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्य अतिथि गोविंद लाल वर्मा ने कहा कि डायट द्वारा बच्चों के कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रोटोटाइप और नवाचार भविष्य की बड़ी संभावनाओं का संकेत देते हैं।
उद्योग विभाग के महाप्रबंधक पंकज तिवारी ने विभाग की विभिन्न व्यावसायिक योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यालयों के साथ बेहतर समन्वय का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका डायट प्रवक्ता कृष्ण सिंह ऐरी, डॉ. अनिल कुमार मिश्रा और रामबालक मिश्रा ने निभाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, प्रशिक्षु एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








